मातृभूमि और हिमालय के गौरव पर आधारित गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों से सराहा
हल्द्वानी। राष्ट्रीय सरस मेले में बुधवार को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने अपनी शानदार गायकी से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने “उत्तराखंड मेरी मातृभूमि, मातृभूमि यो मेरी पितृभूमि, ओ भूमि तेरी जय-जयकारा… म्यर हिमाला” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को उत्तराखंडमय बना दिया।
उत्तराखंड की देवभूमि, समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और हिमालय के प्रति प्रेम एवं गौरव से ओतप्रोत इस गीत ने दर्शकों में विशेष उत्साह भर दिया। विधायक की प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक उनकी गायकी का स्वागत किया।
विधायक मोहन सिंह बिष्ट की इस प्रस्तुति ने सरस मेले के मंच पर उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और अपनी मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। उनकी गायकी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
सरस मेले की स्टार नाइट में नीरज उप्रेती ने बिखेरा सुरों का जादू, बॉलीवुड गीतों पर झूमे दर्शक
सारेगामापा फेम गायक ने सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों से बांधा समां, तालियों से गूंजता रहा मेला परिसर
हल्द्वानी। राष्ट्रीय सरस मेले की स्टार नाइट में सारेगामापा फेम प्रसिद्ध गायक नीरज उप्रेती ने अपनी शानदार गायकी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी सुरीली आवाज, दमदार अंदाज और आकर्षक मंचीय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
नीरज उप्रेती ने ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को-नजर नहीं चुराना सनम’, ‘बचना ऐ हसीनों-लो मैं आ गया’ तथा ‘गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं’ जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनके एक के बाद एक गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए।
गायक की बेहतरीन गायकी और मंच पर उनकी ऊर्जा ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। स्टार नाइट में नीरज उप्रेती की प्रस्तुति दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही और सरस मेले की।शाम यादगार बन गई।