Connect with us

उत्तराखण्ड

अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन कांग्रेस में देहरादून के चार वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किए शोधपत्र, उत्तराखंड में रेशम उत्पादन की नई संभावनाओं पर हुआ मंथन

सतत रेशम उत्पादन, बहुफसलीय रेशमकीट पालन और आधुनिक तकनीकों पर वैज्ञानिकों ने साझा किए शोध निष्कर्ष, किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर

देहरादून। चेन्नई में आयोजित 27वीं अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन एवं रेशम उद्योग कांग्रेस (ISCC-2026) में उत्तराखंड के देहरादून स्थित केंद्रीय रेशम बोर्ड की चार इकाइयों के वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग कर राज्य में रेशम उत्पादन के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए। 23 से 25 नवंबर तक आयोजित वैज्ञानिक एवं तकनीकी सत्रों में वैज्ञानिकों ने शहतूत एवं रेशमकीट फसल संरक्षण, बहुफसलीय रेशमकीट पालन, मूगा रेशम उत्पादन तथा आधुनिक कोसोत्तर तकनीकों के विषय में अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए।

अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग, बेंगलुरु के तत्वावधान में 23 से 27 नवंबर तक आयोजित इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सतत भविष्य के लिए रेशम’ (Silk for a Sustainable Future) रखा गया। कांग्रेस एवं सिल्क मार्क एक्सपो-2026 का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस अवसर पर वस्त्र मंत्रालय की संयुक्त सचिव एवं केंद्रीय रेशम बोर्ड की उपाध्यक्ष पद्मिनी सिंगला, केंद्रीय रेशम बोर्ड के सदस्य सचिव पी. शिवकुमार सहित युगांडा के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार मंत्री इंजीनियर जोनार्ड असीम्वे अकीकी तथा विभिन्न देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में जापान, अमेरिका, रोमानिया, युगांडा, केन्या, फ्रांस, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के लगभग 350 वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों एवं रेशम उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में रेशम उद्योग को पर्यावरण अनुकूल एवं टिकाऊ बनाने के लिए हरित ऊर्जा, आधुनिक तकनीकों और सतत उत्पादन प्रणालियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने पारंपरिक रेशम उत्पादन के साथ केला, अनानास और कमल जैसे प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त रेशम सदृश रेशों पर भी अनुसंधान बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि जैविक कृषि आदानों, प्राकृतिक रंगों, आधुनिक तकनीकों और अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग से रेशम उद्योग के कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकता है।

उन्होंने ग्रामीण रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में रेशम उत्पादन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मूल्य संवर्धित उत्पादों के विकास, अनुसंधान, नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की बात कही। साथ ही कृत्रिम रेशम की बढ़ती उपलब्धता के बीच शुद्ध रेशम उत्पादों की पहचान के लिए सिल्क मार्क प्रमाणन के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने पर भी बल दिया।

केंद्रीय रेशम बोर्ड की उपाध्यक्ष पद्मिनी सिंगला ने भारत में रेशम उत्पादन एवं निर्यात क्षेत्र की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण तकनीकों, स्वचालन, वैज्ञानिक रोग प्रबंधन और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

वहीं, केंद्रीय रेशम बोर्ड के सदस्य सचिव पी. शिवकुमार ने वैश्विक रेशम उद्योग के सतत विकास के लिए वैज्ञानिक नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को आवश्यक बताया। उन्होंने रेशम उत्पादन की पूरी प्रक्रिया में जल, ऊर्जा एवं रसायनों के संतुलित उपयोग, पर्यावरणीय प्रभावों को कम करने और चक्रीय अर्थव्यवस्था आधारित तकनीकों को अपनाने की जरूरत पर बल दिया।

देहरादून के चार वैज्ञानिकों ने प्रस्तुत किए शोधपत्र।कांग्रेस में केंद्रीय रेशम बोर्ड की देहरादून स्थित चार इकाइयों के वैज्ञानिकों ने सक्रिय भागीदारी की। इनमें डॉ. पवन सैनी, वैज्ञानिक-डी एवं प्रभारी, क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर; डॉ. विक्रम कुमार, वैज्ञानिक-सी एवं प्रभारी, पी-3 मूल बीज प्रक्षेत्र, माजरा; डॉ. अभिषेक सिंह, वैज्ञानिक-सी एवं प्रभारी, पी-2 मूल बीज प्रक्षेत्र, शीशमबाड़ा तथा श्री राहुल पाल, वैज्ञानिक-बी एवं प्रभारी, रेशम तकनीकी सेवा केंद्र, प्रेमनगर शामिल रहे।

इन वैज्ञानिकों ने अपने शोधपत्रों के माध्यम से उत्तराखंड की कृषि-जलवायु परिस्थितियों में रेशम उत्पादन की संभावनाओं, शहतूत एवं रेशमकीट फसल संरक्षण, प्रतिवर्ष रेशमकीट पालन की फसलों की संख्या बढ़ाने, मूगा रेशम उत्पादन और कोसोत्तर तकनीकों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

शोध प्रस्तुतियों में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी हस्तक्षेपों के माध्यम से रेशम उत्पादन की उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही फसल की स्थिरता बनाए रखने, रेशम की गुणवत्ता में सुधार करने और रेशम उत्पादक किसानों की आय में वृद्धि के नए रास्ते भी तलाशे जा सकते हैं।

आठ तकनीकी सत्रों में 229 शोध प्रस्तुतियां।कांग्रेस के वैज्ञानिक कार्यक्रम के तहत आठ विशिष्ट तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 121 मौखिक शोध प्रस्तुतियां और 108 वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुतियां शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त पद्मिनी सिंगला की अध्यक्षता में वैश्विक रेशम उत्पादन के भविष्य की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से विशेष विचार-विमर्श सत्र भी आयोजित किया गया।

कांग्रेस के दौरान केंद्रीय रेशम बोर्ड के सदस्य सचिव पी. शिवकुमार ने वैज्ञानिकों से विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद स्थापित कर वैज्ञानिक ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान करने तथा अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया।

उत्तराखंड के रेशम उत्पादकों को मिल सकता है लाभ।कांग्रेस में प्रतिभाग करने वाले देहरादून के वैज्ञानिकों ने विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं रेशम उद्योग के विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर नई अनुसंधान अवधारणाओं और उभरती तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जलवायु अनुकूल रेशम उत्पादन, वैज्ञानिक रोग एवं कीट प्रबंधन, बहुफसलीय रेशमकीट पालन, मूगा रेशम उत्पादन, प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग, कार्बन उत्सर्जन में कमी और रेशम उपोत्पादों के मूल्य संवर्धन जैसे विषय प्रमुख रहे।

वैज्ञानिकों की सहभागिता से प्राप्त अनुभव और तकनीकी जानकारियां उत्तराखंड में रेशम उत्पादन के आधुनिकीकरण एवं विस्तार में उपयोगी साबित हो सकती हैं। इससे स्थानीय किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, रेशम की गुणवत्ता में सुधार करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन कांग्रेस में देहरादून की चारों इकाइयों के वैज्ञानिकों की सहभागिता उत्तराखंड में रेशम उद्योग के सतत विकास, अनुसंधान और तकनीकी हस्तांतरण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page