Connect with us

उत्तराखण्ड

सरस मेले में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर, जिला उद्योग केंद्र ने दी योजनाओं की जानकारी

महिलाओं और युवाओं को एमएसएमई, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार सहित विभिन्न योजनाओं से कराया अवगत; चयनित उद्यमियों को किया सम्मानित

हल्द्वानी, 27 नवंबर। राष्ट्रीय सरस आजीविका मेला 2026 के चौथे दिन शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र की ओर से स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय उद्यमियों को सरकार की विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

पल्लवी गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर हाथ को काम उपलब्ध कराने के साथ प्रत्येक परिवार को आत्मनिर्भर बनाना है। इसी दिशा में उद्योग विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकते हैं।

उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) नीति की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत नए उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान और स्टांप शुल्क में छूट सहित विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन देने का भी प्रावधान है।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के बारे में उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से बेरोजगार युवा बैंक ऋण लेकर अपना उद्योग स्थापित कर सकते हैं। इसमें पात्रता के अनुसार 15 से 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख रुपये तक तथा सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर अनुदान एवं ब्याज अनुदान का प्रावधान है।

उन्होंने उत्तराखंड उद्यम एकल खिड़की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक अनुमतियां, लाइसेंस एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र एक ही पोर्टल के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं। इससे उद्यमियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है तथा समय और धन की बचत होती है।

इसके अलावा उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के तहत नवीन विचारों के साथ काम करने वाले युवाओं को मासिक भत्ता, प्रोटोटाइप अनुदान, पेटेंट सहायता एवं मार्केटिंग सहायता जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई। पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण, टूलकिट सहायता, कम ब्याज पर ऋण और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं युवाओं ने विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर सवाल पूछे। महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने सरल भाषा में उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी पहुंचकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

हस्तशिल्प और लघु उद्योग क्षेत्र के उद्यमी हुए सम्मानित कार्यक्रम में जूट शिल्प विकास एवं संवर्धन के तहत तैयार किए गए बैग, दर्पण, कटोरी और पुष्प सहित विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग के क्षेत्र में चयनित उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

चित्रकला एवं दृश्य कला के क्षेत्र में कुसुम पांडे ने प्रथम तथा राखी विजेता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लघु उद्योग श्रेणी में मुक्तेश्वर एग्रो फ्रूट ने प्रथम और आर्गेनिकम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चयनित उद्यमियों एवं संस्थाओं को दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता को कुमाऊंनी ऐपण पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।।कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, पंचायत सदस्य छवि कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page