उत्तराखण्ड
नाबार्ड की ग्राम युवा शक्ति पहल से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर, उद्यमिता के लिए किया प्रेरित



भीमताल, 27 नवंबर। ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें उद्यमिता एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान के तहत बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज, भीमताल में जिला स्तरीय जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के करीब 100 युवा विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें कौशल विकास, बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, सरकारी योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और विपणन संबंधी अवसरों से परिचित कराना रहा।
इस अवसर पर नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल ने ग्राम युवा शक्ति अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की उद्यमिता में भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा, कौशल और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर नए व्यवसाय शुरू करने का आह्वान किया।
उन्होंने कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण पर्यटन, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र और तकनीक आधारित उद्यमों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी। साथ ही नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं एवं विकासात्मक पहलों के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों, सरकारी विभागों, शिक्षण एवं विकास संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी युवाओं को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने बैंकिंग सहायता, कौशल प्रशिक्षण, तकनीकी नवाचार, उद्यम स्थापना तथा उत्पादों के बाजार तक पहुंच बनाने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक एवं नवाचार के माध्यम से सफल उद्यम स्थापित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक अमित बाजपेयी, नैनीताल जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक भट्ट, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा प्रबंधक ममता कुमारी, बिरला संस्थान के कंप्यूटर विज्ञान विभागाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. शिली बिष्ट, विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष सौरव जोशी, सहायक प्राध्यापक रोहित चतुर्वेदी, टेरी के प्रतिनिधि विजय सिंह डंगवाल, रामनगर किसान उत्पादक संगठन के अध्यक्ष पंकज सुयाल, मेरा युवा भारत के जिला युवा कार्यालय से विनोद बोरा, दूरदर्शन समाचार उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार गितेश त्रिपाठी तथा जन शिक्षण संस्थान भीमताल के निदेशक गोपाल जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें युवाओं ने उद्यमिता, व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक पूंजी, बैंक ऋण, प्रशिक्षण और बाजार की उपलब्धता से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने अपनी व्यावसायिक रुचियां एवं विचार साझा किए। युवाओं की सकारात्मक प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट हुआ कि उनमें स्वरोजगार और अपना व्यवसाय स्थापित करने को लेकर खासा उत्साह है।
नाबार्ड की इस पहल का उद्देश्य जिले में संभावित युवा उद्यमियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, बैंक ऋण और बाजार संबंधी सुविधाओं से जोड़ना है। इससे न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे, बल्कि स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।







