उत्तराखण्ड
सरस मेले में जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान को लेकर जागरूकता, लोगों को दिया जा रहा डिजिटल प्रशिक्षण

हल्द्वानी, 26 नवंबर। जनगणना-2027 में आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन नैनीताल द्वारा स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले में स्व-गणना के लिए विशेष स्टॉल स्थापित किया गया है, जहां मेले में पहुंच रहे लोगों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी गणना करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में संचालित इस अभियान के तहत भारत सरकार द्वारा विकसित स्व-गणना वेब पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। स्टॉल पर पहुंचने वाले नागरिकों के साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान के सफल संचालन एवं नियमित अनुश्रवण के लिए प्रशासन की ओर से कमल सिंह मेहरा, हितेश जोशी, गौरी शंकर काण्डपाल, मंजीत कुमार, पंकज सनवाल एवं ललित मोहन आर्या को जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम के सदस्य मेले में आने वाले लोगों को स्व-गणना के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल स्व-गणना से जोड़ना और निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत स्व-गणना लक्ष्य हासिल करना है। सरस मेले में स्थापित यह स्टॉल जनगणना प्रक्रिया को लेकर आमजन की शंकाओं का समाधान करने और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
स्व-गणना पोर्टल: [https://se-census-gov.in







