Connect with us

उत्तराखण्ड

सरस मेले की स्टार नाइट में माया उपाध्याय के गीतों पर झूमे दर्शक, उत्तराखंडी लोकगीतों से गूंजा मेला परिसर

जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने किया मेले में प्रतिभाग, महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद खरीदकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की अपील

हल्द्वानी, 26 नवंबर। राष्ट्रीय सरस आजीविका मेला हल्द्वानी के तीसरे दिन गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्टार नाइट ने मेले में पहुंचे लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय ने अपनी शानदार और धमाकेदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके लोकप्रिय कुमाऊंनी लोकगीतों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरा मेला परिसर उत्तराखंडी लोकसंस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में राष्ट्रीय स्तर के सरस मेले का आयोजन होना गर्व का विषय है। यह मेला स्थानीय उत्पादों, ग्रामीण आजीविका और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने हुनर एवं उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करें और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों की खरीदारी अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो वह केवल अपने परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। लोगों द्वारा की गई छोटी-सी खरीदारी भी महिलाओं के स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रयासों को बड़ी मजबूती दे सकती है। उन्होंने सभी से मेले में पहुंचकर कुछ न कुछ सामान खरीदने का आग्रह किया।

वहीं, गुरुवार की स्टार नाइट का मुख्य आकर्षण लोक गायिका माया उपाध्याय रहीं। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज में लाली हो लाली स्या, झूली घाटा शेरदा को होटला, हाई काकड़ी झिल मा लूण पिसो सिल मा, छोरी लछिमा सूरा-सूरा हवा चली, रधुली नथुली का डोर, आदु संसारा आदु मुन्स्यारा, क्रीम पोडरा गसनी, चाहा को होटल खोलूलो इत्ती टनकपुर, दिल्ली को बाजारा लागी माया, लोनडा मालुरा में तो रूनी छु, ओ भिना कसिके जानू द्वारहटा, ओ परुवा ईजा चपल के ल्याछा यस, चन्दना जयपुरिया साड़ी मेरी, भुर भुरु उजाओ हेगो, बेडू पाको बारामासा एवं नारैणा काफल पाको चेता मेरी छैला जैसे एक से बढ़कर एक लोकप्रिय कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति दी।

माया उपाध्याय के गीतों में पहाड़ की संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन की झलक देखने को मिली। जैसे-जैसे उनके गीतों का सिलसिला आगे बढ़ा, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। उनकी प्रस्तुतियों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी झूमते नजर आए। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ लोक गायिका का उत्साहवर्धन किया। उनकी प्रस्तुति को स्थानीय जनता ने खूब सराहा और स्टार नाइट यादगार बन गई।।कार्यक्रम के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page