Connect with us

उत्तराखण्ड

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, नैनीताल जिले के 25 मंडलों में संगठन को मजबूत करेंगे जिला प्रवासी प्रभारी रविंदर नेगी

हल्द्वानी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, सांसद अजय भट्ट ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का किया आह्वान

हल्द्वानी, 26 नवंबर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने नैनीताल जिले में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी की ओर से नैनीताल जिले के लिए नियुक्त जिला प्रवासी प्रभारी एवं दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंदर सिंह नेगी के प्रथम हल्द्वानी आगमन पर भाजपा संभाग कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर आयोजित परिचयात्मक बैठक में जिले के सभी 25 मंडलों से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभी से पूरी सक्रियता के साथ संगठन की मजबूती में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी का चुनाव चिह्न कमल केंद्र में रखते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देनी होगी। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय ही चुनावी तैयारियों को मजबूती प्रदान करेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने जिला प्रवासी प्रभारी रविंदर सिंह नेगी का स्वागत करते हुए कहा कि जिले के सभी मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। आगामी चुनाव को देखते हुए प्रत्येक मंडल और बूथ पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे।

मुख्य अतिथि एवं जिला प्रवासी प्रभारी रविंदर सिंह नेगी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि वह भी एक सामान्य पृष्ठभूमि से संगठन में कार्य करते हुए इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने स्वयं को कार्यकर्ताओं का सहयोगी बताते हुए कहा कि वह सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में परिचयात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद नैनीताल जिले के सभी 25 मंडलों में पहुंचकर मंडल स्तरीय बैठकें की जाएंगी। इन बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

नेगी ने कहा कि जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने चुनावी तैयारियों में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आपसी तालमेल, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।।बैठक में प्रदेश सह कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री अरमान जोत बरार, विस्तारक योजना के प्रदेश सह संयोजक दिनेश खुल्वे, दर्जा राज्य मंत्री हरीश पांडे, शांति मेहरा, मोहन पाठक, शोएब अहमद, जिला महामंत्री रंजन बर्गली एवं विनीत अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दर्मवाल, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, जिला उपाध्यक्ष प्रतिभा जोशी, गणेश रावत, प्रगति जैन, प्रताप बोरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page