Connect with us

उत्तराखण्ड

एक साल में अपराधियों पर कप्तान मंजूनाथ टीसी का ताबड़तोड़ प्रहार, 6 घंटे से 48 घंटे में सुलझाए बड़े आपराधिक मामले

10.93 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद, 184 नशा तस्कर गिरफ्तार; 912 खोए मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए उनके मालिकों को, कैंची धाम मेले से लेकर कानून-व्यवस्था तक पुलिस की मुस्तैदी आई नजर

नैनीताल। नैनीताल जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी का कार्यकाल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, त्वरित पुलिसिंग और जनसेवा के लिए उल्लेखनीय रहा। अपने लगभग एक वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर जिस तरह की सक्रियता दिखाई, उससे कई बड़े आपराधिक मामलों का कुछ ही घंटों में खुलासा हुआ। कहीं छह घंटे में दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ तो कहीं 10, 12, 24 और 48 घंटे के भीतर गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने अपनी तत्परता का परिचय दिया।

अब एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का स्थानांतरण 31वीं वाहिनी पीएसी में हो गया है। उनके स्थानांतरण के बीच नैनीताल पुलिस ने उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का ब्यौरा साझा किया है, जिसमें अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई से लेकर नशा तस्करी पर शिकंजा कसने और आम जनता की समस्याओं के समाधान तक कई महत्वपूर्ण सफलताएं शामिल हैं।

छह घंटे में दोहरे हत्याकांड का खुलासा हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसी तरह वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के मामले में टैक्सी चालक को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।

कालाढूंगी क्षेत्र में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने 12 घंटे के भीतर ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार किया। हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड एवं हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर पार्षद को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा गया।

मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के कुंडल बरामद किए गए। वहीं, मुखानी स्थित कार्यालय में चोरी के मामले में भी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर शातिर चोर को गिरफ्तार कर 3 लाख 17 हजार 500 रुपये की नकदी और दस्तावेज बरामद किए।

48 घंटे में राधिका ज्वैलर्स चोरी का पर्दाफाश

मुखानी के बहुचर्चित राधिका ज्वैलर्स चोरी प्रकरण में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मकसूद समेत तीन शातिर चोरों को बनबसा से गिरफ्तार कर करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया। लालकुआं क्षेत्र में 35 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषणों से जुड़ी तीन चोरियों का भी खुलासा किया गया।

इसके अलावा गोरापड़ाव डकैती कांड में नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और 2 लाख 39 हजार रुपये की लूटी गई नकदी बरामद की गई।

सेक्स रैकेट से लेकर करोड़ों की ठगी तक बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने रामनगर के एक रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया। भवाली में प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े सेक्सटॉर्शन मामले का भी पर्दाफाश किया गया। रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया। वहीं, बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया गया।

गौला पार क्षेत्र में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टा गैंग का पर्दाफाश करते हुए महज एक घंटे में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया। मुखानी क्षेत्र की दो चोरियों का खुलासा कर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से नौ लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई।

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में ईवीसीएल क्रिकेट लीग के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक खाते फ्रीज कराए गए। वहीं, अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य अभियुक्तों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो चोरियों का खुलासा करते हुए 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में फेस-1 और फेस-2 में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण ध्वस्त किए गए।

नशा तस्करों पर सबसे बड़ा प्रहार, 10.93 करोड़ का माल बरामद

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में नशे के कारोबार के खिलाफ भी नैनीताल पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। 28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि 184 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस दौरान करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए।

बरामदगी में 25 किलो 846 ग्राम चरस, 3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम स्मैक, 179 किलो 215 ग्राम गांजा, 34 किलो 799 ग्राम डोडा, 1,422 नशीले कैप्सूल एवं गोलियां तथा 2,325 नशीले इंजेक्शन शामिल हैं।

स्मैक की बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 9.72 करोड़ रुपये बताई गई है। यह आंकड़े जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए अभियान की व्यापकता को दर्शाते हैं।

912 खोए मोबाइल फोन बरामद, 80 लाख से अधिक की संपत्ति लौटाई

अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा के मोर्चे पर भी नैनीताल पुलिस ने उल्लेखनीय काम किया। पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक कीमत के 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए। इससे न केवल लोगों को आर्थिक राहत मिली, बल्कि पुलिस के प्रति आम जनता का भरोसा भी मजबूत हुआ।

कैंची धाम मेले का सफल संचालन भी रही बड़ी उपलब्धि

धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कैंची धाम मेले का सफल संचालन भी एसएसपी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा। लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था जैसी चुनौतियों के बीच पुलिस ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया। इसके लिए आम जनमानस की ओर से भी पुलिस की सराहना की गई।

अपराधियों पर सख्ती और जनसेवा के बीच कार्यकाल की पहचान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल की इन उपलब्धियों में त्वरित अनावरण, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, संगठित अपराध पर प्रहार, आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तारी और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी जैसे पहलू प्रमुख रहे।

उनके स्थानांतरण के साथ ही नैनीताल जिले में उनके कार्यकाल का एक अध्याय समाप्त हो रहा है। अब देखना होगा कि नए पुलिस कप्तान के नेतृत्व में जिले की पुलिस व्यवस्था इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए अपराध नियंत्रण और जनविश्वास के मोर्चे पर किस तरह नई मिसाल कायम करती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page