उत्तराखण्ड
समता योग आश्रम में वार्षिक सत्संग सम्मेलन का शुभारंभ, बाल उत्सव में 50 से अधिक बच्चों ने दिखाई प्रतिभा



हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित समता योग आश्रम, हल्द्वानी में 27 एवं 28 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय वार्षिक समता सत्संग सम्मेलन का शुक्रवार को आध्यात्मिक वातावरण में शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में विभिन्न शहरों से श्रद्धालु एवं समतावादी विचारधारा से जुड़े अनुयायी पहुंच रहे हैं। आयोजन के पहले दिन महिला सत्संग एवं बाल उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महिला सत्संग के दौरान विभिन्न स्थानों से पहुंचीं महिलाओं ने भजन-कीर्तन, सिमरन एवं आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से गुरु महाराज की शिक्षाओं का स्मरण किया। सत्संग में सत्य, सेवा, सादगी, प्रेम, विनम्रता और समानता जैसे जीवन मूल्यों पर जोर दिया गया।
बाल उत्सव प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित बाल उत्सव प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें 50 से अधिक बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने महामंत्र, मंगलाचरण, विचार एवं वाणी का पाठ प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और संस्कारों का परिचय दिया। प्रतियोगिता में हेतिका, सक्षम, इतिका एवं कशिश सहित अन्य बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं तथा प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किए। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार एवं गुरु महाराज की शिक्षाओं के प्रति रुचि विकसित करना रहा।
28 नवंबर को होगा विशाल समता सत्संग एवं गुरु लंगर
आयोजकों के अनुसार शनिवार, 28 नवंबर को आश्रम में विशाल समता सत्संग सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें सेवा, सादगी, सत्य, सत्संग एवं सत्-सिमरन जैसे आध्यात्मिक विषयों पर विचार रखे जाएंगे। सत्संग के उपरांत दोपहर एक बजे से विशाल गुरु लंगर का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
महात्मा मंगतराम जी महाराज की शिक्षाओं पर आधारित है सम्मेलन
इस दो दिवसीय आयोजन का आध्यात्मिक आधार श्री सतगुरुदेव महात्मा मंगतराम जी महाराज की शिक्षाएं हैं। महाराज जी का जन्म 24 नवंबर 1903 को ग्राम गंगोठियां ब्राह्मणा, जिला रावलपिंडी (वर्तमान पाकिस्तान) में पंडित गौरी शंकर जी एवं माता गणेशी देवी जी के घर हुआ था।
बचपन से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति के रहे महाराज जी ने अपना संपूर्ण जीवन तपस्या, ध्यान, आत्मज्ञान एवं मानव कल्याण के लिए समर्पित किया। उनकी शिक्षाओं में समता, सत्य, सादगी, विनम्रता, प्रेम और मानव सेवा को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने समाज को जाति-पाति, भेदभाव, आडंबर एवं संकीर्ण विचारधाराओं से ऊपर उठकर मानवता और समानता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
महाराज जी की अमूल्य आध्यात्मिक वाणी ग्रंथ श्री समता प्रकाश एवं ग्रंथ श्री समता विलास में संकलित है। इन ग्रंथों में आत्मज्ञान, परमात्मा की अनुभूति, समता और मानव कल्याण का संदेश मिलता है। 4 फरवरी 1954 को गुरु नगरी अमृतसर में महाराज जी ने अपना नश्वर शरीर त्याग दिया, लेकिन उनकी शिक्षाएं आज भी श्रद्धालुओं को सत्य, सेवा और समता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही हैं।
सेवादारों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
सम्मेलन को सफल बनाने में सेवादार देवानंद आसवानी, संजय लाम्बा, अमित आसवानी, स्पर्श लाम्बा, मान तेजवानी, पीयूष गुलाटी, सरिता नरूला, दीपक सक्सेना सहित अनेक श्रद्धालु एवं सेवादार सेवाएं दे रहे हैं।
आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से 28 नवंबर को आयोजित विशाल समता सत्संग सम्मेलन में पहुंचकर सत्संग का लाभ लेने तथा महात्मा मंगतराम जी महाराज की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की है।







