उत्तराखण्ड
किसानों की आय बढ़ोतरी में उत्तराखंड देश में नंबर वन, कृषि और बागवानी से खुल रहे स्वरोजगार के नए द्वार: गणेश जोशी
मोदी-धामी सरकार की किसान हितैषी नीतियों से बदली पहाड़ की तस्वीर, 8 लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ
देहरादून। उत्तराखंड में कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने धामी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि किसान हितैषी योजनाओं और कृषि नीतियों के प्रभाव से उत्तराखंड ने किसानों की आय में बढ़ोतरी के मामले में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कृषि, बागवानी और किसान कल्याण को प्राथमिकता दी है। सरकार का उद्देश्य किसानों को बीज से लेकर बाजार तक सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खेती को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रदेश के 8 लाख से अधिक किसानों के खातों में 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अलावा 4.5 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी गई है। कृषि स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसान खेती के साथ-साथ स्वरोजगार की गतिविधियों को भी आगे बढ़ा सकें। मंडुवा के समर्थन मूल्य में दोगुने से अधिक की बढ़ोतरी गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ की पारंपरिक खेती और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में मंडुवा का खरीद मूल्य 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। वहीं, उत्तराखंड के जीआई टैग प्राप्त उत्पादों की संख्या 9 से बढ़कर 27 हो गई है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बागवानी और पॉलीहाउस से किसानों को मिल रहे नए अवसर कृषि मंत्री ने कहा कि बागवानी क्षेत्र में सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए 1,200 करोड़ रुपये की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान करते हुए 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों के लिए आधुनिक खेती और बेहतर आमदनी के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि महक क्रांति योजना के माध्यम से 91 हजार से अधिक किसानों को सुगंधित पौधों की खेती से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही मुफ्त नहर सिंचाई तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत अनुदान देकर खेती की लागत कम करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी मिल रहा प्रोत्साहन
गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश के 53 हजार डेयरी किसानों को दूध पर 4 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। वहीं, गंगा गाय योजना के तहत महिलाओं को गाय खरीदने पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों के 550 से अधिक पशुपालकों से आईटीबीपी द्वारा 11 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी खरीद की गई है। इससे सीमांत क्षेत्रों में पशुपालन को आर्थिक मजबूती मिल रही है। इसके अलावा 170 करोड़ रुपये की मत्स्य प्रोत्साहन योजना के माध्यम से मछली पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड की ट्राउट मछली अब विदेशी बाजारों तक अपनी पहुंच बना रही है।
किसानों की समृद्धि से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कृषि और बागवानी को केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक समृद्धि का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में काम किया गया है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक फसलों, आधुनिक तकनीक और स्वरोजगार आधारित योजनाओं के जरिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता की आर्थिक समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्तीकरण ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण का मजबूत आधार है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और युवाओं को कृषि एवं बागवानी से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।







