उत्तराखण्ड
तिकोनिया की ईसीआई की गली में संचालित अस्पताल पर उठे सवाल, पार्किंग व्यवस्था न होने से स्थानीय लोग परेशान

हल्द्वानी। शहर के तिकोनिया क्षेत्र स्थित ईसीआई गली में संचालित एक अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि अस्पताल तो संचालित किया जा रहा है, लेकिन यहां आने वाले मरीजों और तीमारदारों के वाहनों के लिए पार्किंग की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। इसका खामियाजा आसपास की गलियों में रहने वाले स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों के वाहन गली में ही खड़े किए जा रहे हैं। इससे गली का रास्ता संकरा हो जाता है और स्थानीय निवासियों को अपने घरों से बाहर निकलने तथा दोपहिया वाहन लेकर आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि यदि कोई स्थानीय निवासी अपनी बाइक या स्कूटी गली में खड़ी कर देता है तो अस्पताल के बाहर तैनात गार्ड तत्काल वाहन हटाने को कहता है। इसके लिए नो पार्किंग का बोर्ड भी लगा रखा गया है।
लोगों का सवाल है कि जब यह सरकारी गली है तो फिर यहां पार्किंग और आवागमन को लेकर अलग-अलग नियम क्यों दिखाई दे रहे हैं? यदि स्थानीय निवासियों को अपने ही क्षेत्र में वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं है, तो अस्पताल आने वाले वाहनों की पार्किंग की जिम्मेदारी किसकी है?
स्थानीय निवासियों ने यह भी सवाल उठाया है कि क्या इतनी संकरी गली में अस्पताल संचालन के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है? क्या अस्पताल के पास पर्याप्त पार्किंग, मरीजों के वाहनों के लिए स्थान, आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं? लोगों का आरोप है कि सरकारी सड़क का उपयोग इस तरह किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों का रास्ता प्रभावित हो रहा है।
सबसे गंभीर चिंता आपातकालीन स्थिति को लेकर जताई जा रही है। यदि गली में वाहनों की वजह से रास्ता बाधित रहता है तो एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन या किसी अन्य आपातकालीन सेवा को मौके तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल के संचालन संबंधी मानकों, पार्किंग व्यवस्था और सरकारी सड़क पर किए जा रहे कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सार्वजनिक सड़क पर किसी भी संस्थान का एकाधिकार न हो और स्थानीय निवासियों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।।अब सवाल यह है कि अस्पताल संचालन की जिम्मेदारी निभाने वाले संस्थान के लिए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी नहीं है? और सरकारी गली में रहने वाले लोगों को आखिर अपने ही घर तक पहुंचने के लिए परेशान क्यों होना पड़े?







