उत्तराखण्ड
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकथाम को लेकर चोरगलिया में जागरूकता कार्यशाला, स्नेक रेस्क्यू का लाइव डेमो देकर बताए बचाव के तरीके




हल्द्वानी। आगामी 28 नवंबर को राज्यभर में मनाए जाने वाले आपदा दिवस के क्रम में हल्द्वानी वन प्रभाग द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम एवं न्यूनीकरण को लेकर शुक्रवार को नंधौर रेंज के चोरगलिया स्थित स्वागत कक्ष में एक दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम, कार्यशाला एवं मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी, हल्द्वानी वन प्रभाग के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, नेचर गाइडों, सफारी चालकों और नंधौर रेंज के अधीनस्थ कर्मचारियों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने वन्यजीवों की गतिविधियों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, संभावित खतरे की पहचान और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया।
कार्यशाला में उप प्रभागीय वनाधिकारी नंधौर, वन क्षेत्राधिकारी नंधौर एवं पश्चिमी वृत्त के वरिष्ठ जीव वैज्ञानिक (सीनियर बायोलॉजिस्ट) ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए वन विभाग के प्रयासों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने जनता से विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा संबंधी सुझावों का पालन करने की अपील की।
इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी नंधौर ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए वन प्रभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संघर्ष की घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से सोलर फेंसिंग का निर्माण एवं मरम्मत, सोलर लाइटों की स्थापना तथा हाथी खाइयों और हाथी सुरक्षा दीवारों का निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सोलर फेंसिंग को प्रभावी और सुचारु बनाए रखने के लिए उसके आसपास नियमित रूप से झाड़ियों की कटाई में सहयोग करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बाधित न हो।
स्नेक रेस्क्यू का लाइव डेमो बना आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण के लिए तैनात दैनिक श्रमिक द्वारा सांपों के सुरक्षित रेस्क्यू का लाइव प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विषैले और विषरहित सांपों के बीच अंतर, उनकी पहचान तथा सांप दिखाई देने पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को समझाया गया कि सांपों को देखकर घबराने या उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की सहायता लेनी चाहिए।
रेस्क्यू उपकरणों का भी किया गया प्रदर्शन
मॉकड्रिल के दौरान वन्यजीव रेस्क्यू एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया। इसमें स्नेक रेस्क्यू किट, बाघ पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाला पिंजरा, स्ट्रेचर सहित अन्य जरूरी उपकरण शामिल रहे। वन विभाग के अधिकारियों ने इन उपकरणों के उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक बनाना, संभावित संघर्ष की घटनाओं को रोकना और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित एवं सतर्क व्यवहार के लिए तैयार करना रहा। वन विभाग ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और उनके व्यवहार का सम्मान करें तथा किसी भी वन्यजीव की असामान्य गतिविधि या खतरे की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें।







