Connect with us

उत्तराखण्ड

अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल के नए एसएसपी की कमान, सिलक्यारा रेस्क्यू से धराली आपदा तक रहा शानदार कार्यकाल

हनुमान मंदिर में दर्शन कर लिया आशीर्वाद, पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सलामी गार्द ने दी सलामी; अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया स्वागत

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी श्री अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद में आगमन के बाद उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वह पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचे, जहां सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले एसएसपी अर्पण यदुवंशी का अब तक का सेवाकाल कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों और उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने रेलवे पुलिस, उत्तरकाशी पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में निभाई थी अहम भूमिका

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के पद पर लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ ही चारधाम यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया। इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग हादसे के समय उन्होंने घटना कमांडर के रूप में बचाव अभियान का नेतृत्व किया। विभिन्न बचाव एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

SDRF के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां

सेनानायक SDRF के रूप में लगभग दो वर्षों तक जिम्मेदारी संभालने के दौरान भी उन्होंने कई उल्लेखनीय कार्य किए। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक SDRF की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया। वहीं अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में 1,386 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा लगभग 17 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

उनके नेतृत्व में SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इसके अलावा उनके कार्यकाल में करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व

अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान भी दिए। था कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित

उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं।

नए एसएसपी के रूप में अर्पण यदुवंशी के सामने नैनीताल जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण, नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। उनके प्रशासनिक अनुभव और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को देखते हुए नैनीताल पुलिस को उनसे बेहतर नेतृत्व और प्रभावी

कार्यप्रणाली की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page