उत्तराखण्ड
बिंदुखत्ता की दुग्ध समितियों का जलवा, बिंदुखेड़ा ने मारी बाजी

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादन एवं कारोबार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों का दबदबा देखने को मिला। लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र की दुग्ध समितियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। बिंदुखेड़ा दुग्ध समिति ने सर्वाधिक दूध कारोबार कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि संजय नगर समिति दूसरे और रावत नगर समिति तीसरे स्थान पर रही।
वर्ष 2025-26 के दौरान दुग्ध कारोबार के आधार पर जारी प्रदर्शन में बिंदुखेड़ा दुग्ध समिति ने 1 करोड़ 77 लाख 83 हजार 862 रुपये का कारोबार कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं संजय नगर दुग्ध समिति ने 1 करोड़ 75 लाख 45 हजार 440 रुपये के कारोबार के साथ दूसरा तथा रावत नगर दुग्ध समिति ने 1 करोड़ 58 लाख 79 हजार 432 रुपये का कारोबार कर तीसरा स्थान हासिल किया।
अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दुग्ध समितियों को सम्मानित कर उनके पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा हरिपुर कुंवर सिंह और पलड़िया दुग्ध समितियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। संघ की ओर से वर्ष 2025-26 में उपलब्ध कराए गए दूध की कुल कीमत के आधार पर पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की 10 उत्कृष्ट दुग्ध समितियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देने और समितियों को प्रोत्साहित करने के लिए संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की मेहनत और उनके योगदान को पहचान दिलाने की दिशा में संघ की पहल से सहकारिता की भावना को मजबूती मिल रही है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग और प्रोत्साहन जारी रखने की अपेक्षा जताई।
संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सम्मानित समितियों और दुग्ध उत्पादकों को बधाई देते हुए कहा कि समितियों की इस उपलब्धि के पीछे पशुपालकों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट समितियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान देना और अन्य समितियों एवं दुग्ध उत्पादकों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। पशुपालकों को प्रोत्साहन, समितियों को मजबूती और दुग्ध व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए संघ निरंतर प्रयास करता रहेगा। वार्षिक अधिवेशन में समितियों की उपलब्धियों को मिली सराहना से दुग्ध उत्पादकों में भी उत्साह देखने को मिला।







