उत्तराखण्ड
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम



हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रविवार, 29 नवंबर को उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार की ओर से आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का लगातार पर्यवेक्षण किया जा रहा है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वहीं, नोडल अधिकारी और संबंधित परीक्षा अधिकारी भी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन का जायजा ले रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की स्थिति पैदा न हो। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराना प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।







