Connect with us

उत्तराखण्ड

पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर रहेगा कड़ा पहरा

एसएसपी अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसपी सिटी हरबंस सिंह ने पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ, सुबह सात बजे से संभालेंगे मोर्चा; नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर भी रहेगी पैनी नजर

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। 29 नवंबर (रविवार) को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार की ओर से आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों और किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर शनिवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के सभागार में एसपी सिटी हरबंस सिंह की अध्यक्षता में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस के अनुसार परीक्षा जनपद के विभिन्न केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। सभी ड्यूटी कर्मियों को सुबह सात बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

मेटल डिटेक्टर से होगी अभ्यर्थियों की जांच।परीक्षा केंद्रों पर पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती रहेगी। अभ्यर्थियों की जांच DFMD और HHMD मेटल डिटेक्टर के माध्यम से की जाएगी। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, हिडन कैमरा, चिप एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निर्धारित व्यवस्था के तहत की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा, साइबर कैफे और फोटोकॉपी की दुकानें रहेंगी बंद।परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस दौरान धरना-प्रदर्शन और आंदोलन पर रोक रहेगी। वहीं 200 से 300 मीटर के दायरे में वाई-फाई, साइबर कैफे, फोटोकॉपी एवं प्रिंटिंग की दुकानों को परीक्षा के दिन बंद रखने तथा लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध सुनिश्चित कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

सॉल्वर गैंग और संदिग्ध कोचिंग सेंटर पुलिस के रडार पर।परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए एसओजी, स्थानीय अभिसूचना इकाई और साइबर टीम को सक्रिय किया गया है। संदिग्ध कोचिंग सेंटरों, सॉल्वर गैंग और पूर्व में नकल संबंधी मामलों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा से पहले होटल, ढाबों, होम स्टे, गेस्ट हाउस और साइबर कैफे की चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने और परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित जमा कराने के लिए पुलिस स्कॉर्ट के साथ वायरलेस संचार व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें। सोशल मीडिया पर परीक्षा से जुड़ी भ्रामक खबरों और अफवाहों पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। ब्रीफिंग में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहिताश सागर, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा सहित परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।।पुलिस प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

You cannot copy content of this page