उत्तराखण्ड
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को भावभीनी विदाई, पुलिस परिवार ने नम आंखों से दी शुभकामनाएं








हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस में अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र को स्थानांतरण पर आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके नेतृत्व, कार्यशैली और विभाग के प्रति योगदान की सराहना की। साथ ही नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का स्थानांतरण 31वीं वाहिनी पीएसी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर हुआ है, जबकि डॉ. जगदीश चंद्र अब पुलिस अधीक्षक बागेश्वर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विदाई समारोह में वक्ताओं ने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, प्रभावी पुलिस प्रबंधन और मानवीय संवेदनाओं को उनके कार्यकाल की विशेष उपलब्धि बताया। वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र के सरल स्वभाव, प्रभावी पुलिसिंग और कुशल यातायात प्रबंधन की भी सराहना की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मंजूनाथ टी.सी. भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कठिन परिस्थितियों का सामना करना और बड़ी चुनौतियों को पार करना सेवा का हिस्सा है, लेकिन एक पुलिस कप्तान के लिए सबसे कठिन क्षण तब होता है, जब उसके फोर्स का कोई सदस्य संकट में होता है।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कांस्टेबल पुष्कर रौतेला का उल्लेख करते हुए बताया कि उपचार के दौरान तीन दिनों तक आईसीयू में चले संघर्ष के समय पुलिस परिवार ने जिस एकजुटता का परिचय दिया, वह हमेशा यादगार रहेगा। पुलिस लाइन से लेकर हल्द्वानी क्षेत्र के थाना और चौकी प्रभारियों सहित तमाम पुलिसकर्मियों ने रात-दिन सहयोग किया। रक्तदान से लेकर उपचार तक सभी ने पूरी तत्परता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के सामूहिक प्रयास, सहयोग और मजबूत इच्छाशक्ति के चलते आज कांस्टेबल पुष्कर रौतेला स्वस्थ और सुरक्षित हैं।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद में एसएसपी के रूप में मिली जिम्मेदारियों को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीम भावना के साथ पूरा किया। किसी भी सफलता का श्रेय अकेले किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास को जाता है। जीवन में बहते पानी की तरह अलग-अलग जिम्मेदारियों और परिस्थितियों में आगे बढ़ते रहना ही कार्यक्षेत्र में सफलता का आधार है।
वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों और विभिन्न अधिकारियों से मिली सीख का उल्लेख किया। उन्होंने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कार्यशैली की विशेष सराहना करते हुए कहा कि पुलिस किसी भी चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा करने में सक्षम है, लेकिन जब कार्य आपसी सौहार्द, बेहतर संवाद और स्पष्ट ब्रीफिंग के साथ किया जाता है तो उसके परिणाम और भी बेहतर होते हैं।
उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और संवेदनशील ड्यूटियों के दौरान एसएसपी ने कभी अनावश्यक दबाव नहीं बनाया। इसके बजाय स्पष्ट दिशा-निर्देश देकर अधीनस्थ अधिकारियों को स्वतंत्रता और विश्वास के साथ काम करने का अवसर दिया। इससे पुलिस टीम का मनोबल बढ़ा और कार्यक्षमता में भी सुधार हुआ।
समारोह में दोनों अधिकारियों के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके योगदान की सराहना की और नई तैनाती पर सफलता की कामना की।
इस अवसर पर जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। समारोह ने एक बार फिर पुलिस विभाग में आपसी विश्वास, टीम भावना और पारिवारिक एकजुटता की अहमियत को रेखांकित किया।







