उत्तराखण्ड
ठंड के बीच सरस मेले की स्टार नाइट में उमड़ा जनसैलाब, सांसद अजय भट्ट ने की दर्शकों की हौसला अफजाई












हल्द्वानी, 27 नवंबर। सरस आजीविका मेला 2026 में शुक्रवार की शाम आयोजित स्टार नाइट संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन का उत्साह दोगुना कर दिया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल एवं अन्य अधिकारियों ने सांसद अजय भट्ट का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद ने मेले में प्रतिभाग कर रहे स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादों के विक्रेताओं और बाहर से आए व्यापारियों की सराहना की।
जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरस आजीविका मेला क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा, हुनर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। यहां मंडुवा, झंगोरा सहित पारंपरिक खाद्य पदार्थों और हस्तशिल्प उत्पादों के माध्यम से हमारी बहनें और भाई अपनी मेहनत एवं प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने मेले में स्टॉल लगाने वाले सभी स्वयं सहायता समूहों और व्यापारियों को बधाई दी।
सांसद ने ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में पंडाल में मौजूद दर्शकों का विशेष रूप से आभार जताते हुए कहा कि इतनी ठंड में भी लोगों का उत्साह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रति प्रेम सराहनीय है। दर्शकों की यही भागीदारी किसी भी आयोजन की सबसे बड़ी सफलता होती है।
उन्होंने कहा कि सरस मेला महज मनोरंजन और खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका और प्रधानमंत्री के ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का उत्साहवर्धन करें।
प्रभाकर जोशी की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे दर्शक
सांसद के संबोधन के बाद स्टार नाइट में सांस्कृतिक और संगीत प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। गायक प्रभाकर जोशी ने अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया। उन्होंने ‘तेरे इश्क में मैं हो गई दीवानी’, ‘रेत ही थी मेरे दिल में’, ‘चांदी जैसा रंग है तेरा, सोने जैसे गाल’ और ‘तू माने या ना माने दिलदारा’ जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पंडाल में मौजूद दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने लखपति दीदी कार्यक्रम में जज की भूमिका निभाने वाले अमिताभ बच्चन तथा स्टार नाइट से जुड़े सुरेश राजन, नीरज चुफाल और हिमनाद बैंड को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सरस मेले की स्टार नाइट ने एक बार फिर साबित किया कि यह आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच देने और लोगों को मनोरंजन से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।







