Connect with us

उत्तराखण्ड

दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात: फरवरी से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी, 295.52 करोड़ का बजट पारित

77वें वार्षिक अधिवेशन में मुकेश बोरा ने की घोषणा, 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को मिलेगा लाभ; उत्कृष्ट पशुपालकों, सचिवों और विक्रेताओं को 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार वितरित

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। अधिवेशन में जहां 295 करोड़ 52 लाख रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया, वहीं आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा कर पशुपालकों को बड़ी सौगात दी गई। इस निर्णय से संघ से जुड़े हजारों दुग्ध उत्पादक परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। इस अवसर पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक एवं निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ के सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पीएंडआई पीएस नागपाल तथा प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

अधिवेशन में दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों तथा लगभग 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही। बैठक में दुग्ध संघ की गतिविधियों, उपलब्धियों, आर्थिक स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित होना संघ के व्यापक संचालन और दुग्ध व्यवसाय के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

फरवरी से दूध के दाम में तीन रुपये की बढ़ोतरी

अधिवेशन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा रही। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी फरवरी माह से दुग्ध उत्पादकों को दूध का तीन रुपये प्रति लीटर अधिक मूल्य दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध व्यवसाय को रोजगार एवं आय का मजबूत माध्यम बनाना है। संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित सर्वोपरि है। पशुपालकों के विश्वास को बनाए रखना और उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना संस्था की प्राथमिकता है।

उत्कृष्ट पशुपालकों को बांटे 6.50 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार

अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई।

मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार रुपये, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार रुपये तथा दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।

पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार रुपये, गंगा देवी को 21 हजार रुपये और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार रुपये, जगपाल सिंह को 21 हजार रुपये और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार रुपये, श्याम नारायण को 21 हजार रुपये तथा कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी सम्मानित किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के दस समिति सचिवों तथा 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। संस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।  हल्द्वानी में खुलेगा आंचल मिल्क पार्लर कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। दुग्ध व्यवसाय से बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है, इसलिए ऐसी संस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी के कार्यों की भी सराहना

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। अधिवेशन के सफल संचालन एवं प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर 77वें वार्षिक अधिवेशन में पारित बजट, दूध खरीद मूल्य में प्रस्तावित बढ़ोतरी और उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित करने जैसे फैसलों ने यह संदेश दिया कि दुग्ध संघ की प्राथमिकता पशुपालकों की आय बढ़ाने, सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

You cannot copy content of this page