उत्तराखण्ड
पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने ऊधमसिंह नगर में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से की भेंट, विकास कार्यों पर किया संवाद

उधमसिंह नगर । उत्तराखण्ड के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने जनपद ऊधमसिंह नगर के प्रवास के दौरान जिलाधिकारी नितिन भदौरिया एवं जिला प्रशासन की पूरी टीम से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के विकास, प्रशासनिक कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों और विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों को लेकर अधिकारियों के साथ सार्थक संवाद किया।
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में जिला प्रशासन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, समर्पण और आपसी समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने जमीनी स्तर पर सुशासन को मजबूत बनाने में प्रशासनिक टीम की कार्यशैली और टीम भावना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनसेवा के प्रति समर्पण ही प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविक पहचान है।
इस दौरान पूर्व राज्यपाल ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया सहित जिला प्रशासन की पूरी टीम को उनके दायित्वों के सफल निर्वहन और जनहित में किए जा रहे प्रयासों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।







