उत्तराखण्ड
सांसद अजय भट्ट ने जिला बार एसोसिएशन के सभागार एवं कक्ष का किया वर्चुअल लोकार्पण




नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के लिए शनिवार का दिन विशेष रहा। एसोसिएशन के स्वर्गीय प्रताप भैया सभागार एवं कक्ष के जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने वर्चुअल माध्यम से इसका लोकार्पण किया। इसके पश्चात सांसद अजय भट्ट एवं विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या ने इसे बार एसोसिएशन को समर्पित किया।
सभागार एवं कक्ष को आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए सांसद अजय भट्ट ने अपनी सांसद निधि से 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। इस धनराशि से सभागार में टाइल्स, लाइटिंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जीर्णोद्धार एवं सुधार कार्य कराया गया। इससे अधिवक्ताओं को बैठकों, विचार-विमर्श और बार एसोसिएशन की विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि वह स्वयं अधिवक्ता रहे हैं, इसलिए अधिवक्ताओं की समस्याओं, आवश्यकताओं और कार्यक्षेत्र की चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। अधिवक्ता उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी जरूरतों के लिए वह हमेशा साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अधिवक्ताओं के हितों और सुविधाओं से जुड़े कार्यों में उनका सहयोग निरंतर जारी रहेगा।
विधायक सरिता आर्या ने सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते अधिवक्ता समय-समय पर उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते रहते हैं। अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए वह हर स्तर पर प्रयास करती रहेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी अधिवक्ताओं के हितों के लिए उनका सहयोग जारी रहेगा।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या ने बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता घनानंद बड़थ्वाल, बहादुर पाल, पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह गंगोला एवं अधिवक्ता प्रीति साह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट ने सभागार एवं कक्ष के जीर्णोद्धार के लिए सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य से अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे बार एसोसिएशन की गतिविधियों के संचालन में भी सुविधा होगी।
एसोसिएशन के सचिव संजय सुयाल ने सांसद अजय भट्ट एवं विधायक सरिता आर्या का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभागार के जीर्णोद्धार से अधिवक्ताओं को एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है। उन्होंने इस सहयोग को अधिवक्ताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को जिला जज एवं बार एसोसिएशन के संरक्षक प्रशांत जोशी ने भी संबोधित किया।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष मोहन जोशी, ओंकार गोस्वामी, राजेंद्र कुमार पाठक, भगवत प्रसाद, बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमल चिलवाल, संयुक्त सचिव नीरज गोस्वामी, दीपक दानू, उमेश कांडपाल, तारा आर्या, सरिता बिष्ट, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार, मोहम्मद बिलाल, डीजीसी पंकज बिष्ट, अखिल साह, सुशील शर्मा, नन्दन सिंह चिलवाल, मंजू कोटलिया, तारा पाठक, स्वाति बोरा सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।।वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान समारोह का विशेष आकर्षण रहा विधायक सरिता आर्या द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने।प्रसन्नता व्यक्त की।







