Connect with us

उत्तराखण्ड

देहरादून और काशीपुर में उत्साह के साथ मनाया गया फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण

उत्तराखंड में 100 साइकिल चालकों सहित करीब 600 लोगों ने लिया भाग, प्रतिभागियों ने ली नशामुक्त भारत की शपथ

देहरादून/काशीपुर। फिट इंडिया अभियान के तहत रविवार को ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 100वें ऐतिहासिक संस्करण का आयोजन देहरादून और काशीपुर में उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्रों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, परिवारों और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। उत्तराखंड में आयोजित कार्यक्रमों में 100 साइकिल चालकों सहित लगभग 600 लोगों ने हिस्सा लेकर फिटनेस, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

ओलंपिक आंदोलन को समर्पित इस विशेष संस्करण का आयोजन देश के 100 प्रमुख स्थलों के साथ-साथ प्रत्येक जिले में किया गया। देशभर में 600 से अधिक जिलों में साइकिल रैलियां निकाली गईं, जिनमें 1.5 लाख से अधिक ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के संकल्प के साथ नशामुक्त भारत की शपथ भी ली। देहरादून में कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहायक निदेशक राजेश ममगाईं ने किया। इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण लखनऊ के सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सी.एम. और खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहायक निदेशक संजीव कुमार पौरी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राजेश ममगाईं ने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है कि देवभूमि का देहरादून फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक 100वें संस्करण का हिस्सा बना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन के रूप में विकसित होना उत्साहजनक है। भारत के वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लक्ष्य को देखते हुए जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना और युवाओं सहित प्रत्येक नागरिक को फिटनेस को अपनी जीवनशैली में शामिल करने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है।

वहीं, काशीपुर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के खेल प्रशिक्षण केंद्र में 250 से अधिक खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, जिसके माध्यम से फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और नियमित शारीरिक गतिविधि का संदेश दिया गया। इसके बाद प्रतिभागियों के लिए जुम्बा और एरोबिक्स सत्र आयोजित किए गए। साथ ही रस्साकशी, बोरा दौड़ और रस्सी कूद जैसी मनोरंजक खेल गतिविधियों में भी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन पुणे में हुआ, जहां केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना, ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू, पैरा तीरंदाज शीतल देवी और क्रिकेटर स्मृति मंधाना सहित अन्य प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में साइकिल रैली का नेतृत्व किया। इस अवसर पर भारत की भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी की तैयारियों को दर्शाने वाली एक विशेष ओलंपिक फिल्म भी लॉन्च की गई।

गौरतलब है कि ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान की शुरुआत 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से ‘पॉल्यूशन का सॉल्यूशन’ संदेश के साथ हुई थी। लगभग 500 साइकिल चालकों से शुरू हुए इस अभियान ने 100 संस्करणों तक पहुंचते-पहुंचते देशभर में लगभग 40 लाख संचयी भागीदारी दर्ज की है। वर्तमान में यह अभियान करीब 10 हजार स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है और देशभर में 6 हजार से अधिक फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब स्थापित किए जा चुके हैं।

यह अभियान फिटनेस को जनआंदोलन बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त जीवनशैली, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय एकता और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। साथ ही यह पहल 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

You cannot copy content of this page