Connect with us

उत्तराखण्ड

राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह सम्पन्न, नैनीताल समेत छह जनपद सम्मानित

अल्मोड़ा/नैनीताल, 27 मई। अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में बुधवार को राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संस्थानों, संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया। जनपद नैनीताल को द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान उन कर्मयोगियों को समर्पित है जिन्होंने नवाचार, उत्कृष्ट कार्य और समाजहित में अनुकरणीय योगदान देकर सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत संकल्प और समर्पण से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “इकोलॉजी और इकोनॉमी” की सोच के साथ राज्य सरकार प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में कभी 10वें स्थान पर रहने वाला उत्तराखंड अब देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। राज्य सरकार सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों के कारण राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है और लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौटकर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ रहे हैं।

एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page