उत्तराखण्ड
कारगिल विजय दिवस पर एसएसपी नैनीताल ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
विजय दिवस के अवसर पर भोटिया पड़ाव स्थित शहीद स्मारक में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीदों के अद्वितीय शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका पराक्रम और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उनका त्याग, समर्पण और वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनपद नैनीताल पुलिस ने कारगिल के अमर वीरों को शत-शत नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
जय हिंद! 🇮🇳


