Connect with us

उत्तराखण्ड

ऋषिकेश से श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 का शुभारंभ

अजय सिंह देहरादून 

भव्य समारोह, फूलों की वर्षा और जयकारों के बीच पहला जत्था रवाना

ऋषिकेश, 20 मई। आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के बीच बुधवार को पावन श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला मार्ग स्थित गुरुद्वारा परिसर से दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पंज प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालुओं के प्रथम जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर और दरबार हॉल को फूलों व आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। सुबह से ही देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ गुरुद्वारे में उमड़ पड़ी। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे गुरुद्वारा ट्रस्ट के प्रमुख सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

दरबार साहिब में मत्था टेकने के बाद उपराज्यपाल को ट्रस्ट की ओर से स्मृति चिन्ह, सिरोपा और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में पंज प्यारों का सम्मान किया गया तथा सिख समाज के प्रतिभाशाली आठ वर्षीय बालक मास्टर रणवीर सिंह सचदेवा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रागी जत्थों एवं गुरमत संगीत बाल विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मधुर कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इसके बाद फूलों की वर्षा, बैंड-बाजों और “जो बोले सो निहाल” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस दौरान उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सिख पंथ के गौरवशाली इतिहास एवं श्री हेमकुंट साहिब यात्रा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए यात्रियों से यात्रा के दौरान मर्यादा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने तीर्थयात्रियों के लिए प्रशासन एवं गुरुद्वारा ट्रस्ट द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना भी की।

समारोह में दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इनमें “गुरसेवक” तथा डॉ. गुरदीप कौर द्वारा लिखित “Summary of Krishna Avtar from Dasam Granth Sahib” शामिल हैं।

कार्यक्रम में मंत्री प्रदीप बत्रा, स्वामी चिदानंद सरस्वती, डॉ. सुरजीत सिंह, फरजाना बेगम, चंदोक, हरप्रीत सिंह संधू, डॉ. गीता खन्ना तथा ऋषिकेश के मेयर शंभु पासवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा ने श्रद्धालुओं से सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा यात्रा मार्ग की स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए सभी यात्रियों के मंगलमय सफर की कामना की।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page