उत्तराखण्ड
नन्ही उम्र, बड़ा कमाल: तेजस तिवारी ने मुंबई में बढ़ाया उत्तराखंड का मान

23 से 28 मई तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 150 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। अनुभवी खिलाड़ियों के बीच तेजस ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए आठ राउंड में पांच मुकाबले जीते और एक मुकाबला ड्रॉ खेलकर कुल 5.5 अंक अर्जित किए। उनके इस प्रदर्शन ने शतरंज जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
सुभाष नगर, हल्द्वानी निवासी तेजस दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा तीन के छात्र हैं। कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार हिस्सा लेना और प्रभावशाली प्रदर्शन करना उनकी असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है। तेजस की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि समर्पण, मेहनत और सही मार्गदर्शन मिलने पर बच्चे कम उम्र में भी बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं।
विश्व रिकॉर्ड धारक तथा लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित तेजस अब तक देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित कई राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। उनकी सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह उनका प्रदर्शन जारी रहा तो आने वाले वर्षों में तेजस राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकते हैं।
