उत्तराखण्ड
दारमा घाटी में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर मंथन, दांतू गांव पहुंचे पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज


दांतू गांव पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें क्षेत्र की पहचान मानी जाने वाली पारंपरिक रं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। स्वागत समारोह में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिली।
बैठक में पर्यटन मंत्री ने ग्रामीणों और होम स्टे संचालकों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार, होम स्टे संचालन में आ रही चुनौतियों तथा पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विशेष प्रयास करेगी।
उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं एवं परिवारों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
सतपाल महाराज ने कहा कि दारमा घाटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक जीवनशैली और विशिष्ट लोक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखती है। इन विशेषताओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर दारमा घाटी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन का विकास स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। इसके लिए स्थानीय लोगों, होम स्टे संचालकों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना जरूरी है। पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने से न केवल क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका और आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी।
दारमा घाटी में पर्यटन विकास को लेकर हुई इस चर्चा को सीमांत क्षेत्र में पर्यटन आधारित रोजगार और स्थानीय संस्कृति को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।







