उत्तराखण्ड
सुदामा चरित्र के भावपूर्ण वर्णन के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का हुआ भव्य समापन



बाल व्यास जी ने कहा कि सुदामा चरित्र केवल मित्रता की कहानी नहीं, बल्कि यह भगवान के प्रति अटूट विश्वास, निष्काम भक्ति और विनम्रता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्तों के प्रेम के भूखे होते हैं और जो व्यक्ति सच्चे मन से उनका स्मरण करता है, उसके जीवन के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में धर्म, सेवा, सत्संग और सदाचार को अपनाने का आह्वान किया।
कथा के दौरान प्रस्तुत भजन “प्रभु आपकी कृपा से मेरा काम हो रहा है” ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में झूम उठे और पूरा कथा पंडाल आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में स्वयं को समर्पित किया।
समापन अवसर पर बाल व्यास जी ने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का वास्तविक उद्देश्य केवल कथा श्रवण नहीं, बल्कि उसके संदेशों को जीवन में उतारना है। उन्होंने समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ाने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर श्रीरामचंद्र मंदिर प्रबंध समिति द्वारा बाल व्यास जी का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं ने भी भावुक माहौल में बाल व्यास जी को विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।
सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक एवं धार्मिक लाभ प्राप्त किया। कथा के समापन के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
अंत में श्रीरामचंद्र मंदिर प्रबंध समिति ने कथा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी यजमानों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों, भक्तों, स्थानीय नागरिकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि सभी के सहयोग और श्रद्धा से यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार रहा।


