Connect with us

उत्तराखण्ड

खनन विभाग की समीक्षा बैठक में ₹1500 करोड़ राजस्व लक्ष्य तय, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 

पिछले वर्षों की ₹250 करोड़ बकाया वसूली के लिए आरसी जारी करने के निर्देश

आज दिनांक 05 अगस्त 2026 को खनन निदेशालय स्थित सभागार में निदेशक  राजपाल लेघा की अध्यक्षता में राज्य के सभी जिला खान अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व लक्ष्य, अवैध खनन पर नियंत्रण, ई-चालान वसूली तथा लंबित बकाया की वसूली सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निदेशक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹1500 करोड़ का राजस्व प्राप्ति लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी जिला खान अधिकारियों को लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।

अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी जिलों में सघन अभियान चलाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-चेक गेट के माध्यम से जारी किए गए ई-चालानों की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में पिछले कई वर्षों से लंबित अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित लगभग ₹250 करोड़ की बकाया धनराशि की वसूली की समीक्षा की गई। निदेशक ने संबंधित मामलों में शीघ्र रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी कर प्रभावी वसूली कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निदेशक राजपाल लेघा ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व वृद्धि, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए समन्वित और परिणामोन्मुख कार्यवाही की जाए, जिससे विभाग की कार्यक्षमता और राजस्व संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page