उत्तराखण्ड
राजपुरा गौशाला की बदहाल व्यवस्था पर भड़के कांग्रेस नेता हेमन्त साहू, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

हेमन्त साहू ने कहा कि गौशाला में गौवंश को समय पर चारा, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इसके चलते बेजुबान पशु अमानवीय परिस्थितियों में तड़प-तड़प कर दम तोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही के साथ-साथ संवेदनहीनता का गंभीर मामला बताया।
उन्होंने इस संबंध में नगर आयुक्त परितोष वर्मा से दूरभाष पर वार्ता कर गौशाला की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं संबंधित संस्था के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा गौशाला की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने की मांग की।
हेमन्त साहू ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा और समुचित देखभाल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर गौशाला में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की।

















