उत्तराखण्ड
काठगोदाम-दिल्ली वंदे भारत की मांग फिर उठी, सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की मुलाकात

सांसद ने रेल मंत्री को सौंपे मांग पत्र में कहा कि काठगोदाम कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन और प्रवेश द्वार है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी और स्थानीय लोग यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिल्ली-काठगोदाम रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी और गति यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है।
अजय भट्ट ने सुझाव दिया कि यदि सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जाए तो यात्री उसी दिन सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे और शाम को दिल्ली से लौटकर रात तक काठगोदाम पहुंचने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से कुमाऊं में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी और क्षेत्र की आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। सांसद ने यह भी बताया कि वह इस संबंध में पहले भी दो बार रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं तथा व्यक्तिगत रूप से भी आग्रह कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
सांसद ने जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं का हवाला देते हुए रेल मंत्रालय से काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया।


