उत्तराखण्ड
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व को समर्पित सहज पाठ साहिब की पावन लड़ी का शुभारम्भ

हल्द्वानी, 1 अगस्त 2026। श्री गुरु नानक देव जी के आगामी 556वें प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, हल्द्वानी में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ “सहज पाठ साहिब जी” की पावन लड़ी का शुभारम्भ किया गया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार यह पावन पाठ 1 अगस्त 2026 से प्रारम्भ होकर 15 नवंबर 2026, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व तक निरंतर संचालित होगा। शुभारम्भ अवसर पर सायं 7:30 से 8:00 बजे तक अरदास एवं हुकमनामा के साथ सहज पाठ की विधिवत शुरुआत की गई।
इस अवसर पर लखनऊ से पधारे प्रख्यात रागी भाई सुखप्रीत सिंह जी एवं भाई पवनदीप सिंह जी “लखनऊ वाले” ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को गुरु-नाम की रसधारा से सराबोर कर दिया। “नाम मिले नानक नाम मिले ता जिव्हा” शब्द के मधुर गायन से गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।
कीर्तन उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि सहज पाठ प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 13 अंगों का पाठ किया जाएगा। यह पावन लड़ी 15 नवंबर 2026 तक निरंतर चलेगी।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार सरदार अमरजीत सिंह, कंवलजीत सिंह उप्पल, अमन आनंद, मालिन कोहली, प्रवक्ता सरदार हरजीत सिंह चड्ढा, जसपाल सिंह मालदार, बनी चंडोक, जसवीर सिंह “गोल्डी”, तेजिंदर पाल सिंह, रिंकल चंडोक सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
समापन पर मुख्य सेवादार ने समस्त साध-संगत से श्रद्धापूर्वक सहज पाठ साहिब की इस पावन लड़ी में सहभागी बनने का आह्वान किया तथा दूर-दराज से पधारे रागी जत्थे एवं सभी सेवादारों के प्रति आभार व्यक्त किया।



