Connect with us

उत्तराखण्ड

गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुले, परिवहन विभाग का सघन अभियान; 135 वाहनों के चालान, 10 सीज

पवनीत सिंह बिंद्रा 

, 8 जुलाई। गर्मी की छुट्टियों के बाद बुधवार से हल्द्वानी संभाग के सभी स्कूलों के पुनः संचालन के साथ ही परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दो दिवसीय चेकिंग अभियान शुरू किया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पांडेय के निर्देशन में स्कूल बसों, अनुबंधित वाहनों तथा छात्र-छात्राओं के परिवहन में लगे निजी वाहनों की सघन जांच की गई।

अभियान के पहले दिन नैनीताल जनपद के हल्द्वानी शहर में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक तथा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक सात टीमों ने गैस गोदाम रोड, छड़ायल चौराहा, रामपुर रोड, देवलचौड़, लामाचौड़, कालाढूंगी रोड और नैनीताल रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की।

जांच के दौरान आरआई (टेक्निकल) अजय गुप्ता के साथ परिवहन कर अधिकारी अनुभा आर्य एवं अपराजिता पाण्डेय ने स्कूल बसों की यांत्रिक एवं भौतिक स्थिति का निरीक्षण किया। अनफिट पाए गए वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें संचालन से भी रोका गया। वहीं परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार एवं जगदीश चंद्र ने काठगोदाम रोड और बरेली रोड सहित अन्य क्षेत्रों में स्कूल वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की।

इसके अलावा परिवहन उपनिरीक्षक आर.सी. पंवार, नंदन तथा गिरीश चंद्र कांडपाल की टीमों ने स्कूलों और कॉलेजों के आसपास बिना हेलमेट वाहन चलाने, पीछे बैठी सवारी के बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान किए।

अभियान के दौरान कुल 135 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 10 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 6 स्कूल बसों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उनकी फिटनेस के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गई।

संभागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पांडेय ने बताया कि यह विशेष अभियान गुरुवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधकों एवं अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के परिवहन में लगे सभी वाहन सड़क सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page