Connect with us

उत्तराखण्ड

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ‘साथी’ संगठन निकालेगा जागरूकता रैली

 

हल्द्वानी। सामाजिक सरोकारों से जुड़ा गैर-राजनीतिक संगठन साथी आगामी 31 मई 2026 को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जन जागरूकता रैली आयोजित करेगा। संगठन द्वारा तंबाकू एवं निकोटीन के घातक दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

 

संगठन के अनुसार रैली सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे तक बुद्ध पार्क तिकोनिया से कालाढूंगी चौराहे तक निकाली जाएगी। इस दौरान आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाली शारीरिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय हानियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

 

साथी संगठन ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवारों को आर्थिक संकट की ओर धकेलता है तथा पर्यावरण को भी प्रदूषित करता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार तंबाकू के कारण प्रतिवर्ष विश्वभर में लाखों लोगों की अकाल मृत्यु होती है। वहीं, निष्क्रिय धूम्रपान (सेकंड हैंड स्मोकिंग) भी गैर-धूम्रपान करने वाले लोगों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।

 

इस वर्ष अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम जनता को तंबाकू उद्योग के भ्रामक प्रचार और लुभावने हथकंडों से बचाने का संदेश देना है। संगठन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सिगरेट, बीड़ी, गुटखा और खैनी जैसे तंबाकू उत्पादों का सेवन छोड़ें तथा अपने बच्चों और युवाओं को निकोटीन की लत से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

साथ ही संगठन ने लोगों से तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों के प्रति सहानुभूति रखने और उन्हें चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित करने की भी अपील की है।

 

संगठन ने “आइए तंबाकू को ना कहें और जीवन को हां कहें” का संदेश देते हुए समस्त पत्रकार बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे इस जागरूकता रैली को प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार प्रदान करें। प्रेस वार्ता मे साथी संगठन अध्यक्ष आनंद सिंह भाकुनी, महासचिव लक्ष्मण सिंह गौनिया, संस्थापक अध्यक्ष आनंद सिंह ठठोला, संरक्षक एन बी गुणवंत, कोषाध्यक्ष जगदीश सिंह खोलिया, विजय तिवारी, जीवन चन्द्र पंतोडा मौजूद रहें।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page