उत्तराखण्ड
पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दौलिया में ‘उमंग’ पत्रिका का विमोचन, छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन

कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, प्रधानाचार्या डॉ. भारती नारायण भट्ट, सांसद प्रतिनिधि (नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर) लक्ष्मण सिंह खाती, ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट तथा अभिभावक संघ की अध्यक्ष जानकी देवी की उपस्थिति में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘उमंग’ का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। छात्राओं ने कुमाऊँनी एवं गढ़वाली लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। कक्षा 12 की छात्रा किरण कांडपाल ने शास्त्रीय एकल नृत्य तथा छात्रा तमन्ना ने प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।
समारोह के दौरान परिषदीय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा 12 की छात्रा दिया सनवाल तथा हाईस्कूल की छात्रा चित्रांशी मिश्रा को मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया। साथ ही समर कैंप प्रतियोगिताओं में विजयी छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी ने छात्राओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय परिसर में इको क्लब के माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्या द्वारा छायादार एवं फलदार वृक्षों का पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता बीना मेहरा ने किया। इस अवसर पर कल्पना जोशी, अभिलाषा कीर्ति, देव श्री मनराल, रीता लसपाल, हंसा पाण्डेय, प्रियंका चमयाल, रंजना रौतेला, मोनिका किलकोटी, कंचन पाण्डेय, कमला जोशी, नीता बिष्ट, जया आर्या, प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप कुमार पाठक, हैमा फुलारा, जीवन चंद्र चुपडाल, हैमा पंत सहित बी.एड. प्रशिक्षु एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


