Connect with us

उत्तराखण्ड

इज्जतनगर मंडलीय रेलवे समिति की बैठक में गूंजी नैनीताल-ऊधमसिंह नगर की रेल परियोजनाएं, सांसद प्रतिनिधि ने उठाए जनहित के कई अहम मुद्दे

लालकुआं। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल, बरेली में मंगलवार को आयोजित मंडलीय रेलवे समिति की महत्वपूर्ण बैठक में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र की लंबित रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और रेलवे स्टेशनों के विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। बैठक की अध्यक्षता बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने की।

नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट पूर्व निर्धारित शासकीय कार्यक्रमों के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। उनकी ओर से अधिकृत प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने बैठक में भाग लेते हुए क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों को विस्तार से रखा।

बैठक में लक्ष्मण सिंह खाती ने काशीपुर-धामपुर नई रेल लाइन, सितारगंज क्षेत्र की प्रस्तावित रेल परियोजना के लिए चल रहे सर्वेक्षण, किच्छा-खटीमा रेलखंड तथा हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने इन सभी परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के लिए अग्रसारित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इनके पूर्ण होने से कुमाऊं क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

सांसद प्रतिनिधि ने काठगोदाम से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित किए जाने तथा काठगोदाम से कामाख्या तक नई रेल सेवा शुरू करने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों के संचालन से उत्तराखंड के यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों से सीधा और तेज रेल संपर्क मिलेगा।

बैठक में लालकुआं रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से तैयार होने के बावजूद शुरू नहीं किए गए एस्केलेटर का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। लक्ष्मण सिंह खाती ने रेलवे प्रशासन से एस्केलेटर को शीघ्र चालू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

बैठक के दौरान सांसद अजय भट्ट की ओर से सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर को क्षेत्र की रेल परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों का विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। महाप्रबंधक ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक के समापन पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा मंडलीय रेलवे समिति के सदस्य मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page