उत्तराखण्ड
सिख समाज की संस्थाओं पर उठते सवाल: जिम्मेदार कौन?

हल्द्वानी,,,सिख समाज ने समय-समय पर अपने सामाजिक, धार्मिक और आर्थिक उत्थान के लिए अनेक संस्थाओं का गठन किया। इन संस्थाओं का उद्देश्य समाज को संगठित करना, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा सामूहिक विकास के नए आयाम स्थापित करना था। लेकिन आज कई संस्थाओं की कार्यप्रणाली और उनकी विरासत को लेकर समाज के भीतर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या संस्थाएं समाज की हैं या फिर कुछ व्यक्तियों की महत्वाकांक्षाओं का माध्यम बनकर रह गई हैं? अक्सर देखने में आता है कि जब कोई व्यक्ति संस्था के चुनाव में विजयी होता है तो उसे पूरी संगत प्रिय और संस्था आदर्श दिखाई देती है, लेकिन चुनाव हारने के बाद वही व्यक्ति संस्था की वैधता, कार्यप्रणाली और नेतृत्व पर सवाल खड़े करने लगता है। ऐसी मानसिकता न केवल संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति भी पैदा करती है।
संस्थाओं के गठन के समय समाज को यह विश्वास दिलाया गया था कि इनके माध्यम से समाज के लोगों को रोजगार मिलेगा, युवाओं को अवसर प्राप्त होंगे और आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी। लेकिन आज अनेक सदस्यों को लगता है कि समाज की भागीदारी सीमित होती जा रही है, जबकि संस्था के संसाधनों और अवसरों का लाभ अन्य लोग अधिक उठा रहे हैं। इससे समाज के भीतर असंतोष और निराशा का माहौल बन रहा है।
वास्तव में किसी भी संस्था की सफलता केवल उसके पदाधिकारियों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी आधारित होती है। जब व्यक्तिगत हित समाज हित पर हावी हो जाते हैं, तब संस्थाएं अपने मूल उद्देश्य से भटकने लगती हैं।
आज आवश्यकता दोषारोपण की नहीं, बल्कि आत्ममंथन की है। समाज के नेताओं, पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों और आम सदस्यों को मिलकर यह विचार करना होगा कि संस्थाओं की स्थापना किन उद्देश्यों के लिए हुई थी और क्या वे आज उन उद्देश्यों को पूरा कर पा रही हैं। यदि नहीं, तो सुधार के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
सिख समाज की पहचान सेवा, एकता और सरबत दा भला की भावना से रही है। यदि समाज की संस्थाएं इन्हीं मूल्यों को केंद्र में रखकर कार्य करें, तो वे पुनः समाज के विश्वास को मजबूत कर सकती हैं। अन्यथा व्यक्तिगत विवाद और स्वार्थ संस्थाओं की साख को कमजोर करते रहेंगे और इसका नुकसान पूरे समाज को उठाना पड़ेगा।
आखिरकार सवाल यही है कि संस्था को विवादित करने से किसका भला होगा—व्यक्ति का या समाज का? इसका उत्तर समाज को स्वयं तय करना होगा।
