Connect with us

उत्तराखण्ड

जनहित सर्वोपरि, विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: सांसद अजय भट्ट

 

दिशा समिति की छह घंटे चली बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सड़क सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य और बिजली तक अधिकारियों को सख्त निर्देश

हल्द्वानीको, 14 जुलाई। जनपद नैनीताल में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। नैनीताल-ऊधमसिंहनगर के सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में करीब छह घंटे चली बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और विकास कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर अधिकांश विभागों ने संतोषजनक कार्य किया है, लेकिन जहां अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है वहां जवाबदेही तय की जाएगी।

आरडीएसएस योजना की होगी जांच

सांसद ने विद्युत विभाग की लगभग 351 करोड़ रुपये की आरडीएसएस योजना की समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि कई जनप्रतिनिधियों को कार्यों की जानकारी तक नहीं है। जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सितंबर तक पूरा हो गेठिया मानसिक चिकित्सालय

गेठिया में निर्माणाधीन मानसिक चिकित्सालय की समीक्षा करते हुए सांसद ने संबंधित विभाग को सितंबर 2026 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कुमाऊं मंडल के मरीजों को उपचार के लिए देहरादून नहीं जाना पड़े।

भवाली मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल पर तेजी

बैठक में बताया गया कि भवाली में प्रस्तावित मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। सांसद ने न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

श्रीलंका टापू और आपदा तैयारियों पर विशेष जोर

लालकुआं के श्रीलंका टापू क्षेत्र में बरसात के दौरान स्वास्थ्य, राशन, बिजली और दवाइयों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित आपदा को देखते हुए तीन माह का राशन, गैस और आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश भी जारी किए गए।

सड़क दुर्घटनाओं पर सख्ती

बरेली रोड, तीनपानी, गोरापड़ाव और लालकुआं रोड पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने एनएचएआई को दुर्घटना संभावित स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट और आवश्यक संकेतक तत्काल लगाने के निर्देश दिए। यूपीसीएल को पूरी रात विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पुलिस को रात्रि चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

स्मार्ट मीटर शिकायतों का होगा समाधान

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश द्वारा स्मार्ट मीटरों से अधिक बिजली बिल आने का मुद्दा उठाए जाने पर सांसद ने विद्युत विभाग को उपभोक्ताओं को पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मोबाइल नेटवर्क, सड़क और सीवरेज परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित 58 मोबाइल टावरों में से 48 स्थापित हो चुके हैं। सांसद ने शेष टावर शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए। यूयूएसडीए को नई खुदाई करने के बजाय पहले क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए गए। हल्द्वानी सीवरेज परियोजना और नैनीताल एसटीपी निर्माण की भी समीक्षा की गई।

किसानों, शिक्षा और गौसंरक्षण पर फोकस

सांसद ने किसान सम्मान निधि से वंचित पात्र किसानों को शीघ्र योजना से जोड़ने, जर्जर विद्यालय भवनों के स्थान पर नए भवनों के प्रस्ताव तैयार करने तथा शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं के विस्तार और आवारा गोवंश के संरक्षण के लिए अतिरिक्त वाहनों की मांग शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।

पीएम आवास, जल जीवन मिशन और गैस पाइपलाइन की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। एचपीसीएल की गैस पाइपलाइन परियोजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूरा करने तथा अधिक से अधिक परिवारों को घरेलू गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरम्वाल, विधायक सुमित हृदयेश, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page