उत्तराखण्ड
सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत नैनीताल में लगेंगे चरणबद्ध निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित दिशा (DISHA) समिति की बैठक में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं गांवों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इन शिविरों में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविरों का आयोजन 17 जुलाई से 15 अगस्त तक विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में किया जाएगा। 17 से 19 जुलाई तक पदमपुरी, 20 से 22 जुलाई तक दौलतपुर, 23 से 25 जुलाई तक कोटाबाग, 27 से 29 जुलाई तक ओखलकांडा ब्लॉक के खनसूय, 30 जुलाई से 1 अगस्त तक रामगढ़, 3 से 5 अगस्त तक मालधन चौड़, 10 से 12 अगस्त तक भीमताल तथा 13 से 15 अगस्त तक गरमपानी में शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, दवा वितरण, ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर जांच, टीबी स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की जांच, आवश्यक पैथोलॉजी जांच, जहां उपलब्ध हो वहां एक्स-रे, आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा आईडी बनाने सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अल्ट्रासाउंड की सुविधा पदमपुरी, गरमपानी, हल्दूचौड़ एवं कोटाबाग में उपलब्ध रहेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी और मरीजों को निःशुल्क जांच, परामर्श तथा आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने जनपदवासियों से निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।


