Connect with us

उत्तराखण्ड

कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 की तैयारियां पूरी, 6 जुलाई को पहुंचेगा पहला दल: डीएम

 

, 17 जून। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए जनपद प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। यह जानकारी जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगांई ने बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी।

बैठक में कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन), भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), पुलिस, चिकित्सा एवं राजस्व विभाग सहित यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष यात्रा के लिए 10 दल प्रस्तावित हैं, जिनमें प्रत्येक दल में 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। कुल 500 श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर यात्रा में भाग लेंगे। यात्रियों के आवागमन के लिए केएमवीएन द्वारा 12 वाहनों की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा का पहला दल 6 जुलाई 2026 को पिथौरागढ़ पहुंचेगा। सभी विभागों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रा अवधि के दौरान पर्याप्त चिकित्सकों, विशेषकर फिजिशियन डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों और बेस हॉस्पिटल स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।

सुरक्षा और संचार व्यवस्था रहेगी मजबूत

बैठक में भारतीय सेना एवं बीआरओ के अधिकारियों से यात्रा मार्ग की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और निर्बाध संचार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस, आईटीबीपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता

जिलाधिकारी ने बीआरओ को निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बावजूद संवेदनशील एवं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने यातायात को सुचारू बनाए रखने, मलबा हटाने के लिए पर्याप्त मशीनरी और मानव संसाधन उपलब्ध रखने तथा किसी भी बाधा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page