उत्तराखण्ड
पीआईबी देहरादून में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण

देहरादून, 12 अगस्त 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून में बुधवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर में आम, चीकू और लीची सहित फलदार पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक श्रीमती साक्षी सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का पावन प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान के तहत पौधा लगाने के साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मां का रिश्ता अटूट है तथा यह अभियान जननी और पर्यावरण के प्रति हमारी कृतज्ञता को व्यक्त करता है। उन्होंने सभी से हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ देशव्यापी अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी मां के प्रति प्रेम, सम्मान और आदर के प्रतीक के रूप में एक पौधा लगाने तथा पेड़ों और धरती मां की रक्षा का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से भू-क्षरण को रोकने और क्षतिग्रस्त एवं खराब भूमि के पुनर्स्थापन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने संस्थान, कार्यस्थल तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही, सभी ने स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



