उत्तराखण्ड
चमोली में पीआईबी का ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित








चमोली, 20 अगस्त 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), देहरादून की ओर से सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रेस क्लब की संरक्षक क्रांति भट्ट तथा पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने किया।
कार्यशाला में स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, नशामुक्ति, स्वरोजगार, जीआई टैग तथा स्थानीय उत्पादों से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी साझा की, जबकि लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने अनुभव भी प्रतिभागियों के साथ साझा किए।
ब्लॉक स्तर तक आयोजित हों ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम : दौलत बिष्ट
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम पूरे जनपद की बेहतरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ‘वार्तालाप’ कार्यक्रमों को जनपद के ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित करने की आवश्यकता बताई, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचे और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके।
नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि कई सरकारी योजनाओं की पर्याप्त जानकारी लोगों तक नहीं पहुंच पाती, जिसके कारण पात्र लोग भी उनका लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से मीडिया के सहयोग से योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचाई जा सकती है।
तथ्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता पर जोर
प्रेस क्लब की संरक्षक क्रांति भट्ट ने जनपद में पत्रकारिता के सामने आने वाली चुनौतियों और मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने पत्रकारों की सकारात्मक एवं जनहितकारी पत्रकारिता की सराहना करते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया को महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने नशामुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अभियान के तहत 140 नारकोटिक्स किट वितरित किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विश्वसनीय एवं तथ्यपरक सूचनाओं के प्रसार के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा पीआईबी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने तमक नाला, नीति घाटी और टीएचडीसी पीपलकोटी में हुई आपदाओं के दौरान जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की।
स्वास्थ्य से लेकर कृषि और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले स्थानीय व्यक्ति को राहगीर योजना के तहत 25 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाती है। उन्होंने आयुष्मान योजना, जननी सुरक्षा योजना और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी।
खाद्य पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय ने ई-20 पेट्रोल, किसानों को होने वाले लाभ और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ई-20 के निर्माण में चावल, मक्का और गन्ने जैसे कृषि उत्पादों का उपयोग किया जाता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बालिकाओं के लिए संचालित नंदा गौरा योजना की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की। सहायक निदेशक मत्स्य नितेश कुमार चंद्र ने मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत ट्राउट मछली उत्पादन और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों, स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा नशामुक्ति केंद्र एवं काउंसलिंग व्यवस्था की जानकारी दी।
जिला उद्यान अधिकारी नितेन्द्र सिंह ने चमोली के स्थानीय एवं विशिष्ट उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मशरूम एवं कीवी की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए जनपद में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी साझा की।
“मीडिया के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं की जानकारी”
कार्यक्रम के आयोजक एवं पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने कहा कि सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य प्रामाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं को मीडिया के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि चमोली में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों और यहां की संस्कृति को पहचान दिलाने के साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों तक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। सीमांत क्षेत्रों के हर गांव और हर घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मंशा से चमोली को कार्यक्रम के लिए चुना गया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। मीडिया के माध्यम से योजनाओं की सही एवं प्रमाणिक जानकारी दूरस्थ गांवों तक पहुंचने से पात्र लोगों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेना आसान होगा।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, स्थानीय मुद्दों तथा सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को लेकर विस्तृत संवाद भी हुआ।

















