उत्तराखण्ड
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता रैली निकालेगा साथी संगठन हल्द्वानी
। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर साथी संगठन हल्द्वानी द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाते हुए 31 मई 2026 को शहर में जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी। इस संबंध में रविवार सुबह केदारेश्वर मंदिर, अटल पार्क के समीप आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में संगठन के संरक्षक नंदा बल्लभ गुणवंत ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और पर्यावरण को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी लोगों से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
संगठन के अनुसार 31 मई को सायं 5:30 बजे से 7 बजे तक बुध पार्क तिकोनिया से कालाढूंगी चौराहे तक जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा और इस लत को छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन द्वारा कार्यक्रम संबंधी पोस्टर का अनावरण भी किया गया। पोस्टरों को 29 मई को शहर के बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, पार्कों और टैक्सी स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जाएगा। साथ ही विभिन्न विद्यालयों, एकेडमी सेंटरों, महिला समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग रैली में शामिल हो सकें।
गौरा महिला समूह डहरिया द्वारा तंबाकू के नुकसान पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि संगठन की महिला सदस्यों द्वारा हाथ से लिखे स्लोगन वाली तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
बैठक में संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आनंद सिंह ठठोला, वरिष्ठ सदस्य शंकर दत्त तिवारी, महासचिव लक्ष्मण सिंह गौनिया, कोषाध्यक्ष जगदीश सिंह खोलिया, जीवन चंद्र पैतोला, जगदीश जोशी, आर.एस. बोरा, भुवन चंद्र उप्रेती, किशोर कुमार जोशी, के.के. जोशी, पूरन सिंह महराजी, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, सचिव आनंद सिंह रावत, मोहन सिंह महरा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। अंत में संगठन अध्यक्ष आनंद सिंह भाकुनी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन किया।
