Connect with us

उत्तराखण्ड

वननेस वन : प्रकृति के साथ समरसता से हरित भविष्य की ओर संत निरंकारी मिशन

 

हल्द्वानी, 20 अगस्त 2026। संत निरंकारी मिशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से ‘वननेस वन—प्रकृति के साथ समरसता’ अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। बाबा हरदेव सिंह जी का संदेश—‘प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक है’—मिशन के पर्यावरण संरक्षण प्रयासों का प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से ‘वननेस वन’ परियोजना का सातवां चरण 23 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इसके तहत संत निरंकारी मिशन की हल्दुचौड़ शाखा द्वारा लालकुआं नगर वन क्षेत्र में प्रातः 6 से 9 बजे तक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। देशभर में 630 से अधिक स्थानों पर भी अभियान आयोजित किया जाएगा।

अगस्त 2021 में शुरू हुई यह पहल आज देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। इसका उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के साथ आत्मीय संबंध को मजबूत करना, पर्यावरण संरक्षण को जीवन-मूल्य के रूप में स्थापित करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण तैयार करना है।

संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में अब तक लगभग 350 वृक्ष समूह स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं 600 से अधिक ‘वननेस वन’ स्थलों पर श्रद्धालु एवं सेवादार लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज में पर्यावरणीय जागरूकता, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया जा रहा है।

23 अगस्त को होने वाले इस व्यापक अभियान में देशभर के 630 स्थानों पर लाखों श्रद्धालु एवं स्वयंसेवक सहभागिता करेंगे और लगभग 10 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। मिशन की विशेषता यह है कि पौधे लगाने के बाद उनकी जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती। प्रत्येक पौधे की तीन से पांच वर्षों तक नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया गया है, ताकि वे विकसित होकर सघन लघु वनों का रूप ले सकें।

मिशन के अनुसार, इन प्रयासों से जैव विविधता को बढ़ावा देने, स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव के दौर में ‘वननेस वन’ अभियान प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व का संदेश दे रहा है। यह अभियान नागरिकों को प्रेरित करता है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का साझा दायित्व है। एक पौधा लगाकर और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित कर हर व्यक्ति इस हरित परिवर्तन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page