उत्तराखण्ड
2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, देशभर के युवाओं से होगा वर्चुअल संवाद

इस वर्चुअल संवाद से देशभर के लगभग 10,000 स्थानों के जुड़ने तथा एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता का अनुमान है। इनमें माई भारत एवं एनएसएस स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, स्कूल, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा 125 से अधिक सहभागी संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।
उत्तराखण्ड में कार्यक्रम का प्रसारण सभी जिलों के माई भारत कार्यालयों एवं विकासखण्डों में किया जाएगा। राज्य के प्रमुख कार्यक्रम सीआईएमएस, देहरादून, आईटीबीपी, मातली (उत्तरकाशी), ग्राफिक एरा, देहरादून तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित होंगे, जहां बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवा सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेंगे और स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराएंगे। इसी अवसर पर अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी होगा।
अभियान के अंतर्गत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को खेल, फिटनेस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, ध्यान (माइंडफुलनेस) और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही वॉकथॉन, खेल प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, सोशल मीडिया अभियान और माई भारत पोर्टल पर ई-प्रतिज्ञा अभियान भी संचालित किया जाएगा।
युवाओं की रचनात्मक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर पर लोकगीत, मूक अभिनय (माइम), लघु फिल्म/रील्स, चित्रकला, वाद-विवाद और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसके अलावा विशेषज्ञों के जागरूकता एवं परामर्श सत्र, ग्रामसभा आधारित नशामुक्त संकल्प सभाएं, हस्ताक्षर अभियान, अभिभावक संवेदीकरण कार्यक्रम तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों एवं गांवों को सम्मानित करने जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी।
अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नशामुक्ति युवा कॉन्क्लेव के साथ होगा, जहां देशभर के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।


