उत्तराखण्ड
CSR निधि से होगा नैनीताल का सौंदर्यीकरण, तिकोनिया और काठगोदाम चौराहों की जिम्मेदारी बैंकों को

भीमताल। विकास भवन सभागार में मंगलवार को कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) निधि को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की, जबकि संचालन जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित वाजपेयी ने किया।
बैठक में जनपद के विभिन्न प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधियों ने सीएसआर के तहत पूर्व में किए गए तथा वर्तमान में संचालित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जिले के विकास और जनहित से जुड़े कई नए कार्य बैंकों को सौंपे।
बैठक में नैनीताल जिले के सौंदर्यीकरण, सौर ऊर्जा लाइट स्थापना, बाड़बंदी, वाहनों की व्यवस्था, वन्यजीवों के लिए पिंजरा स्थापना तथा शिक्षा क्षेत्र में सहयोग जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई।
इसके तहत बैंक ऑफ बड़ौदा को तिकोनिया चौराहे के सौंदर्यीकरण और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि केनरा बैंक को काठगोदाम चौराहे के सौंदर्यीकरण और रखरखाव का दायित्व दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि आवंटित कार्यों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि जनपद के विकास कार्यों को गति मिल सके।
