उत्तराखण्ड
प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

कोतवाली हल्द्वानी सभागार में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हल्द्वानी सर्किल के सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में 30 मई को आयोजित होने वाली उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग समूह-‘ग’) हिन्दी विषय परीक्षा तथा 31 मई को इतिहास विषय परीक्षा के साथ ही उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा अभ्यर्थियों की डीएफएमडी, एचएचएमडी और मेटल डिटेक्टर से गहन जांच सुनिश्चित की जाए। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्रों में प्रतिबंधित रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रखने, साइबर कैफे, फोटोकॉपी और प्रिंटिंग केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नकल माफिया, सॉल्वर गैंग और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस और होम-स्टे की जांच भी की जाएगी।
बैठक में परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए पुलिस एस्कॉर्ट, परीक्षा केंद्रों पर इनर और आउटर कॉर्डन व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जनपद में आयोजित होने वाली दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
