उत्तराखण्ड
स्वच्छ एवं सुंदर हल्द्वानी के लिए नगर निगम का विशेष सफाई अभियान, महापौर ने किया निरीक्षण
हल्द्वानी, 11 अगस्त 2026। स्वच्छ एवं सुंदर हल्द्वानी-काठगोदाम के उद्देश्य से नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से मंगलवार को वार्ड संख्या-06 सुभाषनगर स्थित हनुमत सेवा सदन के समीप विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया।
सफाई अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष रूप से सफाई कर कूड़ा-कचरा हटाया गया। महापौर ने मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की प्राथमिकता है। शहर के प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शहर को स्वच्छ रखने के लिए निगम स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण स्वीकार नहीं
अतिक्रमण के मुद्दे पर महापौर ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा और आवागमन को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है।



