Connect with us

उत्तराखण्ड

राज्यपाल से मेयर गजराज सिंह बिस्ट एवं पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने की शिष्टाचार भेंट

नैनीताल, 22 जून 2026। उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से सोमवार को लोक भवन, नैनीताल में मेयर, नगर निगम हल्द्वानी गजराज सिंह बिस्ट एवं नगर पालिका परिषद नैनीताल की अध्यक्षा डॉ. सरस्वती खेतवाल ने शिष्टाचार भेंट की।

लोक भवन में आयोजित इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया तथा क्षेत्र के विकास, नगर निकायों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। राज्यपाल ने स्थानीय निकायों की भूमिका को लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला बताते हुए नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के लिए निरंतर कार्य करने पर बल दिया।

इस अवसर पर मेयर गजराज सिंह बिस्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी राज्यपाल को दी। वहीं, डॉ. सरस्वती खेतवाल ने नैनीताल नगर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन प्रबंधन तथा नगर के सौंदर्यीकरण से संबंधित प्रयासों से राज्यपाल को अवगत कराया।

राज्यपाल ने दोनों जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

भेंट के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। अंत में दोनों जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास के लिए उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा जताई।

ADVERTISEMENTS Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page