Connect with us

उत्तराखण्ड

उद्योग मित्र बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, औद्योगिक विकास को मिलेगा नया बल

 

में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय, हल्द्वानी में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में उद्योग मित्र की बैठक आयोजित की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को और अधिक गति मिल सके।

बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। सीडीओ ने विशेष रूप से ट्रांसपोर्टर्स ऐप में आ रही तकनीकी दिक्कतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क और विद्युत संबंधी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने सभी उद्यमियों एवं होटल व्यवसायियों से एमएसएमई पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने का आग्रह किया, ताकि कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में बजूनिया हल्दू पतलिया से कोटाबाग तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि प्रथम चरण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू किया जा सके।

विद्युत विभाग ने जानकारी दी कि कोटाबाग विकासखंड में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है तथा राजस्व विभाग के सहयोग से चयनित भूमि की तारबाड़ भी कर दी गई है।

सीडीओ ने सिडकुल के जूनियर इंजीनियर को निर्देश दिए कि अगस्त माह से भीमताल सिडकुल क्षेत्र में मिनी कार्यालय नियमित रूप से संचालित किया जाए, जिससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों को बेहतर सुविधा मिल सके। वहीं नगर पालिका को भीमताल क्षेत्र और सिडकुल परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

खनन विभाग से संबंधित पोर्टल एवं पंजीकरण मामलों की जानकारी समय पर उपलब्ध न होने की शिकायत पर समिति ने नियमित सूचना साझा करने की मांग उठाई, जिस पर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।

स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों की शिकायतों पर मुख्य विकास अधिकारी ने तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए तथा कहा कि जब तक उद्यमी संतुष्ट न हो, तब तक उद्योग में पुराना मीटर ही लगा रहने दिया जाए।

हरिपुर मोतिया, बेलबाबा रामपुर रोड से भारत माइन्स एंड मिनरल्स सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान राज्य एवं जनपद स्तर पर ऐपण प्रतियोगिता तथा फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और उद्यमों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। ऐपण प्रतियोगिता में कु. स्तुति पंत प्रथम तथा रेनु रतूड़ी द्वितीय रहीं। वहीं फूड प्रोसेसिंग श्रेणी में नैनी फ्लोरा, सिडकुल भीमताल को प्रथम तथा हिल प्योर ऑर्गेनिक, हल्द्वानी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।

बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता, हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आर.सी. बिंजोला, सचिव मनोज डागा, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया, आरटीओ गुरुदेव सिंह सहित विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, जल संस्थान और अन्य विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page